घाटशिला । माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित ऐतिहासिक कीर्तिमान के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पूर्वी सिंहभूम द्वारा विभिन्न जनसंपर्क एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में स्वर्णरेखा तट स्थित सूर्य मंदिर परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश नहीं देता, बल्कि मातृत्व, प्रकृति और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।



इसके उपरांत घाटशिला स्थित सिंह नर्सिंग होम में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता के प्रति जनजागरण का संदेश देते हुए परिसर की साफ-सफाई कर सेवा भाव का परिचय दिया। विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने पावड़ा निवासी श्री सुशांतो शीट, पूर्व अधीक्षण अभियंता, पथ निर्माण विभाग से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प पर आधारित पुस्तक भी भेंट की गई। दिनेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है।
इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर भी चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देशवासियों का सहयोग और आशीर्वाद निरंतर प्राप्त होता रहेगा।
कार्यक्रम में लखन मार्डी, गीता मुर्मू, हेमंत नारायण देव, काजल महाकुड, राजकुमार कर, मंटू कुमार सिंह, दीपक दंडपत, जगन्नाथ कालिंदी, रवीना बाल्मीकि, शुभेंदु पात्र, महादेव महतो सत्या तिवारी जिला अध्यक्ष, भाजपा पूर्वी सिंहभूम आदि शामिल हुए।



