जमशेदपुर : टेल्को बारीनगर स्थित गौशिया मोहल्ला में रमजान के पवित्र अवसर पर 6 दिवसीय तरावीह नमाज़ का आयोजन किया गया। यह आयोजन रॉयल मैन्युफैक्चरिंग के मालिक साकिर खान की ओर से कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। तरावीह की नमाज़ कारी मिन्हाज दिलवर साहेब और हाजी इसराफिल साहेब ने पढ़ाई। अपने तकरीर (धार्मिक संबोधन) में उन्होंने कहा कि रमजान मुसलमानों का अत्यंत पवित्र महीना है और इसी महीने में अल्लाह की ओर से कुरआन शरीफ नाज़िल हुआ। उन्होंने बताया कि रमजान के दौरान मुसलमान नमाज़, रोज़ा, तिलावत और ज़कात के माध्यम से इबादत करते हैं तथा आत्मशुद्धि और समाज सेवा का संदेश अपनाते हैं।
छह दिवसीय तरावीह पूर्ण होने के बाद सामूहिक इफ्तार का भी आयोजन किया गया, जिसमें गौशिया मोहल्ला सहित आसपास की बस्तियों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इफ्तार में आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर अधिवक्ता गुड्डू हैदर, जेएमएम नेता शाहिद परवेज, खलीफा अलमताज़, मो. इरशाद, मो. नेसार, आफताब सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजक साकिर खान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
