जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से 24 जुलाई 2026 को हैदराबाद में आयोजित होने वाले महिलाओं एवं बच्चियों पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ अखिल भारतीय सेमिनार को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को द ग्रैजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वूमंस में जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान चलाया गया। इस दौरान कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं एवं अभिभावकों से संवाद कर राष्ट्रीय सेमिनार में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई.

इस अवसर पर AIDSO के प्रदेश अध्यक्ष समर महतो ने कहा कि देशभर में महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध बढ़ते अपराध गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में समाज के सभी लोकतांत्रिक एवं प्रगतिशील वर्गों, विशेषकर छात्र-युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस सामाजिक समस्या के खिलाफ संगठित होकर आवाज उठाएं और जनजागरण अभियान को मजबूत करें।
उन्होंने संगठन की ओर से मांग रखते हुए कहा कि महिलाओं एवं बच्चियों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केवल कठोर कानून पर्याप्त नहीं हैं। इसके साथ ही पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए, अश्लील फिल्मों एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार पर रोक लगे तथा बच्चियों, छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा की ठोस गारंटी सुनिश्चित की जाए. अभियान के दौरान प्रदेश सचिव मंडली सदस्य सोनी सेनगुप्ता, जिला उपाध्यक्ष झरना महतो, नगर अध्यक्ष सविता सोरेन तथा अपूर्व महतो सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

