जमशेदपुर : झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव से पहले पुलिस की सख्ती बढ़ा दी गई है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने रासुनचोपा चेकनाका का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें एक वाहन से 10 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए गए।

बताया जा रहा है कि यह राशि उड़ीसा से जमशेदपुर लाई जा रही थी..
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में यह दूसरी बड़ी बरामदगी है। इससे पहले 13 अक्टूबर को 12 लाख 28 हजार 400 रुपये बरामद किए गए थे। इस तरह अब तक कुल 22 लाख 68 हजार 400 रुपये जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि अवैध पैसे या सामग्री का चुनाव प्रक्रिया पर कोई प्रभाव न पड़े। पुलिस की कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन घाटशिला उपचुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
