JAMSHEDPUR : जमशेदपुर पुलिस ने एक साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों से उनकी आईडी और बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे और फिर खातों से रकम उड़ा लेते थे। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पंजाब के पटियाला निवासी करण जैन से मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर करीब 3 लाख 8 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई थी। शिकायत एनसीसीआरपी पोर्टल के प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर डुमरिया थाना क्षेत्र के खैरबनी, बॉकीशोल निवासी विकाश बारिक (20 वर्ष) और अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक (31 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए घाटशिला निवासी कृष्णा ओझा की संलिप्तता की भी जानकारी दी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंकिंग आईडी, पैन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। जांच के दौरान उनके मोबाइल फोन में गूगल पे के माध्यम से किए गए संदिग्ध और अवैध ट्रांजैक्शन के प्रमाण भी मिले।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी कृष्णा ओझा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
