जमशेदपुर : इया फाउंडेशन द्वारा संचालित खुशियों की पाठशाला, बलदेव बस्ती में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर EYA Foundation के सदस्यों ने खुशियों की पाठशाला के बच्चों के साथ मिलकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। EYA Foundation के संस्थापक दीपक मिश्रा एवं जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष- नवनीत मिश्रा ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के साथ पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना देखने को मिली।

इसके बाद बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में सुमित, अनुराग, आनंद, राजू, अफरोज, जितेंद्र, शशि, शुभाशिनी, सुमन सिंह, शिवम, मनमोहन, रंजीत झा, वेद प्रकाश,कृष्णान्दु सहित EYA Foundation के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर अतिथियों एवं Foundation के सदस्यों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। EYA Foundation जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों के बीच शिक्षा, संस्कार और खुशियां पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खुशियों की पाठशाला इसी संकल्प का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
