जमशेदपुर :रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत RPF और रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में स्टील एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान महिला के पर्स से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को स्टील एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा के लेडिस पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई थी। इस संबंध में पीड़िता ने 28 अगस्त 2026 को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF, चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में RPF टाटा टीम और GRP टाटा ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। टीम ने टाटानगर स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को टाटानगर स्टेशन परिसर से पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवान चौधरी (लगभग 24 वर्ष), निवासी कोटशीला के रूप में हुई है।
बरामद सोने की चेन का वजन 4.830 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये है। आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई RPF/ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में RPF टाटा एवं GRP टाटा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
