जमशेदपुर : बिरसानगर 1 नंबर ज़ोन में रविदास समाज द्वारा भव्य रूप से संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाजिक समरसता, भक्ति और एकता का सशक्त संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बजरंग दल जमशेदपुर महानगर के संयोजक एवं रविदास समाज के कर्मठ सदस्य चंदन दास ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और भक्ति के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य किया और जाति-पांति की दीवारों को तोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का जीवन आज भी समाज को एकजुट रहने और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
चंदन दास ने कहा कि संत रविदास धर्म की रक्षा के लिए कभी झुके नहीं और उन्होंने अपने उपदेशों से लाखों हिंदुओं को धर्म परिवर्तन से बचाया। भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त मीराबाई का उनका शिष्य होना इस बात का प्रमाण है कि संत रविदास जी ने उस दौर में ही जातिगत भेदभाव को समाप्त करने का कार्य किया था। कार्यक्रम के दौरान विहिप एवं संघ के पदाधिकारियों ने रविदास समाज के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर जयंती की शुभकामनाएं दीं। सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया, जिससे सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विहिप जमशेदपुर महानगर से…..
जिला मंत्री चंद्रिका भगत, सह मंत्री उत्तम कुमार दास, सुभाष चटर्जी, गौरक्षा प्रमुख मनीष सिंह, वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से दिनेश मंडल, विक्रम, मनोज सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें समाज को जोड़ने वाले संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
