जमशेदपुर। श्रावण मास की तृतीय सोमवारी पर सिदगोड़ा सूर्यधाम में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों शिवभक्तों ने सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से लाए गए पवित्र गंगाजल से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बारीडीह हरि मंदिर मैदान से सूर्यधाम शिवालय तक निकली भव्य जलाभिषेक यात्रा के दौरान पूरा इलाका हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजे, घोड़े और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सूर्यधाम पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास भी करीब पांच किलोमीटर तक नंगे पांव पदयात्रा में शामिल हुए और बाबा भोलेनाथ को गंगाजल अर्पित कर झारखंडवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, कूलर, पंखे, पुलिस बल और सूर्यधाम सेवकों की तैनाती की गई थी। मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की भी व्यवस्था रही।
जलाभिषेक के बाद सोन मंडप परिसर में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। सूर्यधाम में उमड़ी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया और सावन की तृतीय सोमवारी को यादगार बना दिया।


