जमशेदपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)–2027 की शुरुआत की जा रही है। कार्यक्रम का प्रथम चरण ‘विकसित भारत प्रश्नोत्तरी (Viksit Bharat Quiz)’ है, जिसका आयोजन MY Bharat पोर्टल पर किया जा रहा है। इसमें देशभर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। क्विज का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जोड़ना, उनमें जिज्ञासा एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता में भागीदारी पूरी तरह निःशुल्क है। क्विज में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
क्विज में चयनित प्रतिभागी आगे निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय VBYLD और राष्ट्रीय संवाद जैसे विभिन्न चरणों में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित VBYLD-2027 में शामिल होंगे। यहां युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। वहीं क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।
इसी क्रम में माय भारत, पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और जिले के युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान एवं जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को VBYLD-2027 एवं विकसित भारत क्विज के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने क्विज के पोस्टर का अनावरण करते हुए जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से अधिकाधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। इच्छुक युवा www.mybharat.gov.in पर लॉगिन कर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सार्थक योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।



