जमशेदपुर : केंद्रीय बजट 2026–27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलेश दुबे ने इसे विकासोन्मुखी, संतुलित और जनहितकारी बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।



कमलेश दुबे ने कहा कि बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आने वाले समय में आर्थिक मजबूती के साथ-साथ नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने मध्यम वर्ग को राहत देने वाले प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम जनता की क्रय शक्ति बढ़ेगी।
उन्होंने आगे कहा कि
“यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूती देता है और देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला साबित होगा।”
आजसू नेता ने झारखंड जैसे राज्यों के लिए सड़क, रेल और औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश को सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
किसानों के लिए कृषि बुनियादी ढांचे, सिंचाई और आधुनिक तकनीक पर किए गए प्रावधानों की भी उन्होंने सराहना की और कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी। साथ ही स्टार्टअप और एमएसएमई सेक्टर को मिलने वाले प्रोत्साहन से छोटे उद्योगों को मजबूती मिलेगी।
अंत में कमलेश दुबे ने कहा कि आजसू पार्टी देशहित में लिए गए इन फैसलों का समर्थन करती है और उम्मीद जताई कि यह बजट जमीन पर भी सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा।
