जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-1बी स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास परियोजना में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान साधुडेरा बस्ती निवासी सचिन मुर्मू (14) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन निर्माणाधीन भवन की नौवीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सचिन नौवीं मंजिल से सीधे नीचे पत्थर पर मुंह के बल गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी. घटना के बाद मृतक के पिता मसांग मुर्मू समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सचिन की मां गर्भवती है और उसकी हालत को देखते हुए देर शाम तक उसे बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल……
घटना के बाद साधुडेरा बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासी भोला रविदास ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन पीएम आवास परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। भवन की ऊंची मंजिलों तक जाने वाली सीढ़ियों की घेराबंदी नहीं की गई है और न ही परिसर में सुरक्षा गार्ड की तैनाती है। इसके कारण बच्चे अक्सर भवन के अंदर चले जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी यहां ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
बस्तीवासियों ने जताई अनहोनी की आशंका…….
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से पहले सचिन कुछ लड़कों के साथ देखा गया था। उनका आरोप है कि मृतक की शर्ट भी फटी हुई थी, इसलिए यह जांच का विषय है कि वह स्वयं गिरा या किसी ने उसे धक्का दिया। बस्तीवासियों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच……
बिरसानगर थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि किशोर नौवीं मंजिल तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
