जमशेदपुर : केरला समाजम हिन्दी स्कूल, गोलमुरी में मंगलवार को वार्षिक युवा महोत्सव सह पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि बीओटी के प्रेसिडेंट के. मुरलीधरन, केरला समाजम मॉडल स्कूल की प्राचार्या श्रीमती नंदनी शुक्ला एवं बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के सदस्यगण की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, समूह-गान सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे सभागार में उत्साह, उमंग और तालियों की गूंज बनी रही। इस अवसर पर सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुरंजन सर ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि के. मुरलीधरन ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि,
“ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।”
प्रधानाचार्य अनुरंजन सर ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि,
“युवा महोत्सव विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और लगन का सम्मान है। यह उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करता है।”
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका प्रीति कुमारी एवं छात्र रोहित शर्मा ने अत्यंत प्रभावशाली और आकर्षक ढंग से किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार प्रकट किया गया।
