जमशेदपुर : मानगो गोलचक्कर पर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के चित्र के कथित अपमान को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ा विरोध जताया है। जद(यू) जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने सोमवार को मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने विधायक सरयू राय के चित्र पर गुटखा थूका, अभद्र टिप्पणी की तथा सार्वजनिक रूप से उनका अपमान किया। आवेदन में घटना में शामिल बताए गए लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की गई है. इस मौके पर जद(यू) पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के चित्र का इस तरह अपमान करना लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक मर्यादाओं और स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और अभद्रता किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
जद(यू) नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा हो सके. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, दिनेश सिंह, विकास साहनी, विकास रजक, मृत्युंजय शर्मा, प्रेम सक्सेना, दीपक गौड़, लालू गौर, प्रवीण सिंह, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता, विनोद सिंह, अख्तर, विजेंद्र सिंह, रीना डे, बीरू सिंह, राजीव सिंह सहित जनता दल (यू) के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

