जमशेदपुर : अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुनि और थाना प्रभारी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य फोकस लंबित पड़े आपराधिक मामलों, वारंटों और कुर्की से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन पर रहा। एसएसपी ने अधिकारियों को इन मामलों को जल्द से जल्द सुलझाने का निर्देश दिया ताकि न्याय प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।

एसएसपी ने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता
एसएसपी ने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने पासपोर्ट सत्यापन और चरित्र प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों की समीक्षा की और अधिकारियों को इन प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विशेष कार्रवाई करने को कहा गया।
तकनीकी प्रगति का सदुपयोग करने पर बल
तकनीकी प्रगति का सदुपयोग करने पर बल देते हुए एसएसपी ने सीसीटीएनएस, आईटीएसएसओ, आईआरएडी, डॉयल-112, जेओएफएस और ई-साक्ष्य जैसे महत्वपूर्ण पोर्टलों के बेहतर और प्रभावी उपयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन तकनीकी प्लेटफार्म्स का समय पर अद्यतन और प्रभावी इस्तेमाल ही पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाएगा।
बेहतर बनाने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार
इस बैठक के माध्यम से एसएसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार किया। यह कदम यह सुनिश्चित करेगा कि जनता को समय पर और प्रभावी पुलिस सेवा मिल सके।
