जमशेदपुर : पांचवीं अनुसूचित क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव कराए जाने के विरोध में आदिवासी छात्र एकता ने आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। संगठन ने 23 फरवरी को कोल्हान बंद का आह्वान किया है। इससे पूर्व 21 और 22 फरवरी को तीनों जिलों में जनजागरण अभियान और विरोध प्रदर्शन चलाने की बात कही गई है. शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में संगठन के संयोजक इंद्र हेंब्रम ने बताया कि अनुसूचित क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव कराना न्यायसंगत नहीं है, इसलिए छात्र संगठन इसका पुरजोर विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि 21 और 22 फरवरी को जगह-जगह जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को चुनाव के मुद्दे पर जागरूक किया जाएगा और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।


संगठन ने स्पष्ट किया है कि 23 फरवरी को कोल्हान बंद के दौरान छात्र विभिन्न स्थानों पर सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाएंगे। हालांकि आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा, ताकि आम जनता को परेशानी न हो. इंद्र हेंब्रम ने कोल्हान के अन्य छात्र संगठनों से भी आंदोलन में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आदिवासी समाज की संवैधानिक पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए है तथा आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
