जमशेदपुर : जोहार जनसेवक पार्टी के अध्यक्ष डॉ. जी. जयरामदास ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट झारखंड के लिए पूरी तरह निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि इस बजट में राज्य के मज़दूरों, गरीबों और किसानों के हितों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ किया गया है।



डॉ. जयरामदास ने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी और संसाधन-समृद्ध राज्य को बजट से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने राज्य की वास्तविक जरूरतों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में रोज़गार सृजन, महंगाई नियंत्रण और गरीब कल्याण को लेकर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया. उन्होंने बताया कि बजट में केवल पर्यटन क्षेत्र के लिए कुछ सीमित प्रावधान किए गए हैं, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों में भी राज्य को अपेक्षित लाभ नहीं मिला।
सबसे अधिक निराशा व्यक्त करते हुए डॉ. जयरामदास ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटिज़न) के लिए बजट पूरी तरह निराशाजनक साबित हुआ है। न पेंशन में राहत दी गई और न ही स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कोई विशेष घोषणा की गई. डॉ. जयरामदास ने केंद्र सरकार से मांग की कि झारखंड के मज़दूर, किसान, गरीब और वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखते हुए बजट में संशोधन किया जाए, ताकि राज्य के समग्र विकास का रास्ता प्रशस्त हो सके।
