मुरी : माननीय न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश पर एवं माननीय सदस्य सचिव झालसा, कुमारी रंजना अस्थाना एवं माननीय न्यायायुक्त, रांची अनिल कुमार के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव राकेश रौशन की मौजुदगी में राधिका मैदान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डिप्टी एलएडीसी, राजेश कुमार सिन्हा, पीएलवी गणेश कुमार, ब्रजेश कुमार महतो, सुनील कुमार महतो, कौशल्या देवी, शंकर महतो, बंशीधर घटवार, पंकज महतो, राजकुमार, चालक राजा वर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने उपस्थित लोगों को कहा कि प्रोजेक्ट तृप्ति मुख्य रूप से झारखंड में भूख को मिटाने, भुखमरी से होने वाली मौतों को रोकने और मानव तस्करी से मुक्त कराए गए पीड़ितों के पुनर्वास के लिए संचालित एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण कानूनी कल्याणकारी योजना है। उन्होंने कहा कि भारत में खाद्य सुरक्षा कानून होने के बावजूद, कई सुदूरवर्ती और आदिवासी क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण लोग भुखमरी और कुपोषण का शिकार हो जाते हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए झालसा ने ‘प्रोजेक्ट तृप्ति’ की शुरुआत की। इस योजना का प्राथमिक लक्ष्य राज्य के किसी भी कोने में भूख से होने वाली मौतों को रोकना है। यह प्रोजेक्ट विशेष रूप से मानव तस्करी के जाल से छुड़ाए गए बच्चों और महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके पुनर्वास के लिए काम करता है आगे श्री सिन्हा ने बाल विवाह, बाल श्रम, सड़क दुर्घटना, घरेलू हिंसा, पेशा अधिनियम, लोक अदालत तथा राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
रिपोर्ट : रिंकी कुमारी



