कोडरमा : सतगांवां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत अंतर्गत पचौरी गांव में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी विवाद और हंगामे में बदल गई। पचौरी गांव की काजल कुमारी और इटाय गांव निवासी रोशन कुमार के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान प्रेम संबंध शुरू हुआ था। दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला भी जारी था। बताया जा रहा है कि 21 मई की रात रोशन काजल से मिलने उसके गांव पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ देख लिया। मामला गांव में फैलते ही ग्रामीणों ने तत्काल दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया।



ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थानीय मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। हालांकि शादी के दौरान काफी हंगामा भी हुआ। जानकारी के अनुसार, रोशन शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन ग्रामीणों के दबाव में उसे विवाह करना पड़ा। काजल कुमारी ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के बाद जब घर में रस्में चल रही थीं, तभी रोशन बहाना बनाकर वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद रोशन के परिवार के सात-आठ सदस्य, जिनमें उसकी मां और मौसी भी शामिल थीं, काजल के घर पहुंचे।
पीड़िता का आरोप है कि उन लोगों ने गाली-गलौज की और दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की। परिजन दो दिनों तक रोशन के लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन उसके वापस नहीं आने पर काजल ने सतगांवां थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



