रांची : नौतपा के नौ दिनों की भीषण गर्मी आज से शुरू हो गई है, जो 2 जून तक जारी रहेगी। इस दौरान तापमान सामान्य से अधिक रहने और लू चलने की संभावना बढ़ जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। डॉक्टरों के अनुसार, लोग अक्सर प्यास लगने तक पानी नहीं पीते, जिससे शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की समस्या हो जाती है। तेज धूप से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीना या आइसक्रीम खाना भी नुकसानदायक साबित हो सकता है।



विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि खाली पेट या बहुत भारी भोजन करके घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए, क्योंकि इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं टाइट और सिंथेटिक कपड़े पहनने से शरीर की गर्मी बढ़ती है और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इस भीषण गर्मी में हल्का और पौष्टिक भोजन, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और धूप से बचाव बेहद जरूरी बताया गया है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर की तेज धूप से बचाने की सलाह दी गई है।



