रांची : सुजाता चौक पर रविवार रात पुलिसकर्मी द्वारा बालू लदे ट्रक से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। रात करीब 10 बजे एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी सड़क के बीच ट्रक रोककर पैसे लेते दिख रहे हैं। तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी पारस राणा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित PCR चालक को सस्पेंड कर दिया।
सिटी एसपी ने बताया कि वे खुद मौके पर पहुंचे और चालक से पूछताछ की। चालक ने सफाई दी कि वह सिर्फ ट्रक ड्राइवर से पर्चा लेकर रास्ते की जानकारी ले रहा था और उसके हाथ में पैसा नहीं था। लेकिन वायरल तस्वीर और जनभावनाओं को देखते हुए उसे सस्पेंड कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार रात जुआ खिलाने और मारपीट के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था। एसएसपी ने कहा कि अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।


