राँची। अवैध बालू का कारोबार पर नकेल कसने के लिए बुढ़मू प्रखंड के ठाकुर गांव थाना की पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को थाना प्रभारी सिद्धांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उरुगुट्टू के इलाके से अवैध रूप से बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया है। पुलिस को देखते ही दोनों ट्रैक्टर चालकों ने मौके से भागने में सफलता पा ली। फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टरों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को सूचना भेज दी है।

ज्ञात हो कि इन दिनों क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन का धंधा चरम पर है। एनजीटी की रोक के बावजूद छापर और आसपास के इलाकों में दिन-रात हाइवा, टर्बो और ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई जारी है। थाना प्रभारी सिद्धांत ने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
