नई दिल्ली | संवाददाता : देश में लंबे समय तक स्थिर रहने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज एक बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी का असर अब सीधे भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ना शुरू हो गया है। नई दरों के अनुसार, पेट्रोल में ₹3.14 और डीजल में ₹3.11 प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।



दिल्ली में क्या है नया रेट?
राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल और डीजल की कीमतें इस प्रकार हैं:
- पेट्रोल: ₹97.91 प्रति लीटर (पहले ₹94.77 था)
- डीजल: ₹90.78 प्रति लीटर (पहले ₹87.67 था)
क्यों बढ़ी कीमतें?
तेल कंपनियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुका है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक आपूर्ति में बाधा आने की वजह से सरकारी तेल कंपनियों पर भारी आर्थिक दबाव था। रिपोर्ट के मुताबिक, तेल कंपनियां रोजाना लगभग 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठा रही थीं, जिसकी भरपाई के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।
महंगाई बढ़ने के आसार
डीजल की कीमतों में ₹3 से ज्यादा की बढ़ोत्तरी होने से माल ढुलाई (Logistics) की लागत बढ़ेगी। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में फल, सब्जियां, दूध और अन्य दैनिक उपयोगी वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं। परिवहन खर्च बढ़ने से आम आदमी के मासिक बजट पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
प्रधानमंत्री की अपील
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बढ़ते वैश्विक संकट को देखते हुए देशवासियों से ईंधन का संयमित उपयोग करने की अपील की थी। डॉलर के मुकाबले रुपये में आ रही गिरावट भी तेल के महंगे होने का एक बड़ा कारण बनी हुई है।



