जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु निवासी 75 वर्षीय हदानंद बेहरा ने एक व्यक्ति पर दुकान का किराया एवं बिजली बिल नहीं देने, धमकी देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो वायरल कर बदनाम करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. आवेदन में हदानंद बेहरा ने बताया है कि बागुनहातु चौक स्थित उनकी दुकान को उन्होंने लिखित एग्रीमेंट के आधार पर एक व्यक्ति को 6 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था। किराया अनुबंध अप्रैल 2026 में समाप्त हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति दुकान खाली नहीं कर रहा है। साथ ही पिछले करीब तीन माह से किराया एवं बिजली बिल का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है।



उन्होंने आरोप लगाया है कि जब भी वे किराया और बिजली बिल की मांग करते हैं तो उन्हें धमकाया जाता है तथा गुंडागर्दी का भय दिखाया जाता है। वृद्धावस्था और बीमारी के कारण उनका जीवन-यापन काफी हद तक दुकान के किराये पर निर्भर है। कई बार बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला. हदानंद बेहरा ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति उनके और उनके पुत्र के नाम से सोशल मीडिया पर गलत एवं भ्रामक वीडियो बनाकर वायरल कर रहा है, जिससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। इसके कारण परिवार को मानसिक प्रताड़ना, बदनामी और भय का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे कथित भ्रामक वीडियो पर रोक लगाने की मांग की है।



