जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में मौसम ने शुक्रवार को ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। आसमान में लगातार चमकती बिजली और नीचे रोशनी से जगमगाते ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम के समय मौसम में अचानक बदलाव आया और बादलों के बीच तेज बिजली चमकने लगी। इसी दौरान कैमरों में कैद हुए कुछ दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गए। आसमान में चमकती बिजली की लकीरों और शहर की जगमगाती रोशनी ने जयपुर की खूबसूरती को और भी आकर्षक बना दिया।
हवा महल के ऊपर चमकी बिजली, कैमरों में कैद हुआ अद्भुत दृश्य……
जयपुर की पहचान माने जाने वाले ऐतिहासिक हवा महल के पीछे आसमान में चमकती बिजली ने दृश्य को बेहद आकर्षक बना दिया। इस अनोखे नजारे को पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं।
बिड़ला मंदिर के ऊपर दिखा प्रकृति का अनोखा रूप……
शहर के प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) के ऊपर भी बिजली चमकने का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंदिर की रोशनी और आसमान में कौंधती बिजली ने ऐसा मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने लोगों को प्रकृति की शक्ति और सौंदर्य दोनों का एहसास कराया।
सोशल मीडिया पर छाया जयपुर का नजारा……
तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जयपुर की सुंदरता की जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि गुलाबी नगरी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यहां इतिहास, संस्कृति, वास्तुकला और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। मौसम के इस अनोखे दृश्य ने जयपुर को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।



