रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, रांची में सोमवार को जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश प्रवक्ताओं, मीडिया प्रभारियों तथा सोशल मीडिया एवं आईटी सेल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की।



बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह तथा विजय शर्मा सहित प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। जमशेदपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, जनसंपर्क अभियान तथा सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और सरकार की उपलब्धियों तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के प्रभावी संचालन और संगठनात्मक गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए दिनेश कुमार का नाम लेकर उनके योगदान की प्रशंसा की। राष्ट्रीय नेतृत्व से मिली इस सराहना को कार्यकर्ताओं ने प्रेरणादायी एवं उत्साहवर्धक बताया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।



