पटना/बेगूसराय। बिहार पुलिस के लिए गुरुवार की रात बेहद दुखद साबित हुई। पटना में आयोजित सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) प्रशिक्षण कार्यक्रम से लौट रहे मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों समेत चार लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक चारों की जान जा चुकी थी।



मृतकों में तीन थानाध्यक्ष शामिल……
हादसे में मधेपुरा जिले के अरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, रतवारा थाना प्रभारी साजन कुमार पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार तथा वाहन चालक ज्योतिष कुमार की मौत हो गई. बताया गया कि चारों पटना स्थित सरदार पटेल भवन में आयोजित दो दिवसीय सीसीटीएनएस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर मधेपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की आशंका….
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि देर रात वाहन चलाने के दौरान चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोगों को संभलने का अवसर तक नहीं मिला. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस महकमे में शोक, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़…..
दुर्घटना की खबर मिलते ही बिहार पुलिस मुख्यालय समेत पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ तीन थानाध्यक्षों की मौत से पुलिस विभाग स्तब्ध है। सहकर्मियों के अनुसार तीनों अधिकारी अपने कर्तव्यनिष्ठ व्यवहार, अनुशासन और कार्यकुशलता के लिए जाने जाते थे. जानकारी के अनुसार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र वर्ष 2009 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे, जबकि साजन कुमार पासवान वर्ष 2018 बैच के अधिकारी थे। नीरज कुमार को हाल ही में बेलारी थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
एक हादसे ने उजाड़ दिए कई घर……
कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस अधिकारी खुद सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस दर्दनाक घटना ने न केवल चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।



