सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने बड़ी चोरी की एक वारदात को समय रहते विफल करते हुए छह आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खरसावां थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की। गिरफ्तार आरोपी वर्षों से बंद पड़े अभिजीत कंपनी परिसर में चोरी की नीयत से घुसे थे और वहां मौजूद लोहे के सामान को काटकर चोरी करने की तैयारी कर रहे थे. गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अमित खलको ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 जून की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसावां थाना क्षेत्र के बुरूडीह गांव स्थित बंद पड़े अभिजीत कंपनी परिसर में कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और छह लोगों को चोरी की तैयारी करते हुए गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कंपनी परिसर में मौजूद लोहे के सामान को गैस कटर की मदद से काटकर चोरी करने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।



चोरी की तैयारी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद……
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ऑक्सीजन सिलेंडर, दो गैस रेगुलेटर, एक गैस कटर, कटर पाइप, वेल्डिंग रॉड, नोजल समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान से स्पष्ट है कि आरोपी बड़े पैमाने पर चोरी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम…..
गिरफ्तार आरोपियों में सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो (40), अजय हेम्ब्रम (28), शिवचरण होनहागा (32), नाया सुंडी (22), मेघलाल बिरूली (22) तथा राकेश सरदार (26) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सत्यदेव महतो का आपराधिक इतिहास भी रहा है. एसडीपीओ ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ खरसावां थाना में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बंद पड़ी अभिजीत कंपनी में पूर्व में भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके मद्देनजर पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


