घाटशिला : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को घाटशिला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने की. बैठक का शुभारंभ भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश को ‘एक राष्ट्र, एक संविधान और एक निशान’ के संकल्प की दिशा में प्रेरित करता है. उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा 23 जून से 6 जुलाई तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उनके विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दिनेश कुमार ने दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी 26 जून तक कोल्हान क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपना प्रशिक्षण पूर्ण करना है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को प्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसी माह सभी मंडलों में मंडल समितियों का गठन पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाया जा सके। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश पदाधिकारी प्रवास कार्यक्रम के तहत भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही जल्द ही पूर्वी सिंहभूम जिले के 24 घंटे के प्रवास पर आएंगे। इस दौरान वे जिला स्तरीय बैठक, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, मंडल एवं शक्ति केंद्र की बैठकों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों से संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. बैठक में आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, प्रशिक्षण अभियान तथा जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और विभिन्न दायित्वों का निर्धारण किया गया।
इस अवसर पर देवदत्त साव, हेमंत नारायण देब, रोहित सिंह परमार, ज्योत्सना मयी बेरा, गीता मुर्मू, राहुल पांडेय, कृष्णा शर्मा, गौर चंद्र पात्र, राजाराम महतो, रंगलाल महतो, चंदना मुर्मू, कृष्णा पाल, दीपक दंडपात, ब्रजेश सिंह, मोंटू कुमार सिंह, सुजन मान्ना, राजकुमार कर, कमलकांत सिंह, शुभेंदु पात्र, महादेव महतो, गुरुचरण मार्डी, अमरदीप शर्मा, तनुश्री नंदा, जयंत घोष, अशोक पासवान, विजय पांडेय, सजय महाकुड़, दीपु अधिकारी, मनोज कुमार विषय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

