चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को खेत की जुताई के दौरान जमीन के अंदर दबा एक पुराना बम मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ग्रामीणों में कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध विस्फोटक को सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मनोहरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किसान विजय हेंब्रम अपने खेत में जुताई कर रहे थे। इसी दौरान हल अचानक जमीन के अंदर किसी कठोर वस्तु से टकरा गया। किसान ने जब ध्यान से देखा तो मिट्टी में दबा हुआ बम जैसा संदिग्ध वस्तु दिखाई दिया। संभावित खतरे को देखते हुए विजय हेंब्रम ने तुरंत खेत की जुताई रोक दी और आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना प्रभारी एमिनल एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल की घेराबंदी कर दी और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। इसके बाद संदिग्ध विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर जांच के लिए आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
मनोहरपुर थाना प्रभारी अमित खाखा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि भारी बारिश के कारण जमीन की मिट्टी कमजोर हो गई थी, जिसके कारण लंबे समय से जमीन के अंदर दबा हुआ यह विस्फोटक बाहर दिखाई देने लगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद बम कितना पुराना है और यह खेत तक कैसे पहुंचा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है। विस्फोटक की वास्तविक स्थिति और उसकी क्षमता के बारे में जांच के बाद ही जानकारी सामने आएगी।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेत, जंगल या आसपास के इलाकों में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने पर उसे छूने या हटाने की कोशिश नहीं करें। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षा के आवश्यक कदम उठाए जा सकें और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। घटना के बाद पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बरत रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

