जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यालय में शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश पाल मुंजनी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने की। इस अवसर पर को-इंचार्ज शान्तनु मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

“कानून से नहीं, जवाबदेही और निवेश से सुधरेगी स्थिति”
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि पेपर लीक की समस्या अब एक दशक पुरानी हो चुकी है। वर्ष 2014 से 2024 के बीच लगभग 89 पेपर लीक और 48 पुनर्परीक्षाओं की घटनाएं यह साबित करती हैं कि मौजूदा सरकार युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा, “सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 में कठोर सजा के प्रावधान के बावजूद राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में पेपर लीक का सिलसिला नहीं रुका है। इससे स्पष्ट है कि केवल कानून बना देने से समाधान नहीं निकलेगा, जब तक कि व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं होगी।”
युवाओं के भविष्य पर मंडराता संकट
मुंजनी ने आंकड़ों के हवाले से बताया कि नीट यूजी, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती, स्टेट 2021 और यूजीसी नेट जैसी परीक्षाओं में एक करोड़ से अधिक अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, “रेलवे और अन्य केंद्रीय विभागों में लाखों पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन भर्ती की रफ्तार कछुए की चाल से भी धीमी है।”
शिक्षा बजट पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा पर सरकारी निवेश की कमी को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत जीडीपी का 6% शिक्षा पर खर्च करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन वास्तविकता में यह अभी भी 2.7% के आसपास है। शिक्षा बजट में सरकारी हिस्सेदारी का लगातार कम होना देश के शैक्षणिक ढांचे के लिए चिंताजनक है।
मानसिक तनाव और बेरोजगारी का दंश
प्रेस वार्ता में छात्रों द्वारा की जा रही आत्महत्याओं के बढ़ते मामलों पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई। मुंजनी ने कहा कि 15 से 29 वर्ष के युवाओं में बेरोजगारी दर का बढ़ता ग्राफ और शिक्षित युवाओं में अवसरों की कमी ने देश के युवाओं को मानसिक अवसाद की ओर धकेल दिया है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सचिव ब्रजेन्द्र तिवारी, जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव, प्रिंस सिंह, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, अतुल गुप्ता, गुरदीप सिंह सोहल और कौशल प्रधान सहित कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्य अतिथियों का स्वागत जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने अंगवस्त्र प्रदान कर किया।

