रांची : रिम्स में नए निदेशक डॉ. डीके सिन्हा के पदभार संभालते ही कामकाज के तौर-तरीकों में बदलाव की शुरुआत हो गई है. उन्होंने सबसे पहले मीडिया से संवाद बहाल करने का फैसला लिया है. अब रिम्स में हर दिन शाम 5 बजे पत्रकार सीधे निदेशक से मुलाकात कर अस्पताल से जुड़े किसी भी मुद्दे पर जानकारी और जवाब ले सकेंगे. डॉ. सिन्हा ने कहा कि रिम्स जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उनके अनुसार मीडिया जनता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए नियमित संवाद से मरीजों की समस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी.

गौरतलब है कि पूर्व निदेशक डॉ. राजकुमार के कार्यकाल में मीडिया की रिम्स परिसर में आवाजाही और अधिकारियों से सीधे बातचीत पर रोक लगा दी गई थी. उस निर्णय को लेकर लंबे समय तक सवाल उठते रहे. ऐसे में नए निदेशक के फैसले को अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली में बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. पदभार संभालने के बाद डॉ. डीके सिन्हा ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता रिम्स की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना, मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के परिणाम जल्द सामने लाना है.उन्होंने यह भी संकेत दिया कि लापरवाही और अनियमितता के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी.

