जमशेदपुर/घाटशिला : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने घाटशिला स्थित हाथीबाड़ी नाला पुल को लेकर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार, भ्रामक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को गुमराह कर विकास कार्यों पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रही है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में प्रताप कुमार यादव ने कहा कि भाजपा यह प्रचारित कर रही है कि संबंधित पुल पश्चिम बंगाल में बनाया गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि पुल झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित हाथीबाड़ी नाला पर निर्मित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी नाले पर बनने वाले पुल का अंतिम सिरा स्वाभाविक रूप से दूसरे राज्य की सीमा तक पहुंचता है, इसलिए इसे मुद्दा बनाना पूरी तरह तथ्यहीन है।
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र घाटशिला का दूरस्थ ग्रामीण इलाका है, जहां सीमा के उस पार बाजार, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में पुल बनने से सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन, इलाज, शिक्षा और दैनिक जरूरतों के लिए बड़ी राहत मिलेगी।
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे थे। पूर्व विधायक स्वर्गीय रामदास सोरेन ने जनहित को देखते हुए पुल निर्माण की अनुशंसा की थी, जिसके बाद विधायक सोमेश सोरेन के प्रयासों से निर्माण कार्य पूरा कराया गया। उन्होंने कहा कि इस पुल से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
प्रताप कुमार यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता से जुड़े मुद्दों पर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है, इसलिए वह विकास कार्यों को भी राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास विरोधी राजनीति को अच्छी तरह समझती है और इसी कारण भाजपा को लगातार दो विधानसभा चुनावों में सत्ता से बाहर रखा है. उन्होंने भाजपा से जनहित के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के बजाय राज्य के विकास में सकारात्मक सहयोग करने की अपील की।

