जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के गरमनाला रोड के समीप शनिवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ी बस से एक टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन उसमें न तो पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही ब्लिंकर अथवा किसी प्रकार का सुरक्षा संकेत लगाया गया था। अंधेरे के कारण टेम्पो चालक को बस दिखाई नहीं दी और उसका वाहन सीधे बस के पिछले हिस्से से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक के पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेते हुए बस चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बस को बिना पार्किंग लाइट, ब्लिंकर या अन्य सुरक्षा संकेतों के सड़क किनारे क्यों खड़ा किया गया था। यदि लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।