19 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती, घरेलू 14 किलो एलपीजी सिलेंडर के दाम यथावत
नई दिल्ली। अगस्त महीने की शुरुआत आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों के लिए राहत भरी रही। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अगस्त 2026 से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती कर दी है। नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हो गया है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत में 209 रुपये की कमी की गई है। हालांकि, घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है. नई कीमतें शनिवार, 1 अगस्त से प्रभावी हो गई हैं। ताजा संशोधन के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटकर 2,728 रुपये हो गई है, जबकि कोलकाता में इसकी नई कीमत 2,872.50 रुपये निर्धारित की गई है।

दो महीने में 385.50 रुपये तक सस्ता हुआ सिलेंडर……
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने कटौती की गई है। जुलाई में भी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में 183 रुपये से अधिक की कमी की थी। अब अगस्त में फिर 202 रुपये की कटौती के बाद दिल्ली में बीते दो महीनों के दौरान कमर्शियल सिलेंडर कुल 385.50 रुपये सस्ता हो चुका है। इससे होटल, रेस्तरां, ढाबों और छोटे व्यवसायों को परिचालन लागत में राहत मिलने की उम्मीद है।
घरेलू उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत……
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कटौती के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार भी राहत नहीं मिली। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार रखी गई हैं. वर्तमान में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में उपलब्ध है। इन कीमतों में 7 जून के बाद से कोई बदलाव नहीं किया गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम में लगातार कमी से छोटे कारोबारियों को राहत मिलेगी, जबकि घरेलू उपभोक्ता अब भी रसोई गैस की कीमतों में कटौती का इंतजार कर रहे हैं।
