राम मंदिर परिसर स्थित रेस्टोरेंट की साफ-सफाई पर उठे सवाल, संचालक ने माना “गलती हो गई”
जमशेदपुर : शहर के प्रतिष्ठित बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर परिसर में संचालित अन्ना किचन रविवार को उस समय विवादों में घिर गया, जब एक ग्राहक द्वारा मंगाए गए दोसे में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया। घटना के बाद रेस्टोरेंट में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य ग्राहकों ने भी भोजन की गुणवत्ता तथा स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

जानकारी के अनुसार, ग्राहक आराम से दोसा खा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर प्लेट में मौजूद कथित कॉकरोच पर पड़ी। यह देखकर उसने तत्काल भोजन करना बंद कर दिया और रेस्टोरेंट प्रबंधन के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। देखते ही देखते मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों की भीड़ जुट गई और लोगों ने रेस्टोरेंट की साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर नाराजगी जताई. घटना के बाद लोगों ने मांग की कि शहर के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि ग्राहकों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्ना किचन के संचालक राजू भाई ने स्वीकार किया कि “गलती हो गई है।” उन्होंने घटना पर खेद जताते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी चूक दोबारा न हो, इसके लिए रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस मामले की लिखित शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग को दी गई है या नहीं। हालांकि, यदि शिकायत दर्ज होती है तो संबंधित विभाग द्वारा रेस्टोरेंट की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।