जमशेदपुर। जिले में आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने साकची स्थित सीसीआर (कंट्रोल रूम) में QR कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया।


इस अवसर पर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त पीसीआर, टेंगो मोबाइल के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को डिजिटल बीट पुलिसिंग के प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि इस तकनीक आधारित व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की सुरक्षा, पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना तथा जनसहयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाना है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को अपराध संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी, समयबद्ध गश्ती, QR कोड के माध्यम से बीट निरीक्षण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग तथा प्रत्येक गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इससे पुलिस की जवाबदेही बढ़ेगी और संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल बीट पुलिसिंग व्यवस्था लागू होने से बीट ड्यूटी की निगरानी पारदर्शी होगी, गश्ती व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी तथा अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस को तकनीकी सहायता मिलेगी। साथ ही आम जनता और पुलिस के बीच समन्वय एवं विश्वास भी और मजबूत होगा।
