जमशेदपुर: जमशेदपुर टाइगर्स क्लब के संस्थापक एवं समाजसेवी स्वर्गीय आलोक मुन्ना की जयंती के अवसर पर मंगलवार को कदमा स्थित मिलन समिति मैदान में सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। क्लब की ओर से आयोजित “नर सेवा ही नारायण सेवा” कार्यक्रम के तहत सैकड़ों गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच सम्मानपूर्वक भोजन (महाप्रसाद) का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर एक बजे स्व. आलोक मुन्ना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित लोगों ने उनकी समाजसेवा, मानवीय सोच और जरूरतमंदों के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
इसके बाद क्लब के सदस्यों एवं सहयोगियों ने बड़ी संख्या में पहुंचे जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया। आयोजन के दौरान सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों ने अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से महाप्रसाद वितरण कराया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि स्व. आलोक मुन्ना का पूरा जीवन समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर सेवा कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, जमशेदपुर की मेयर सुधा गुप्ता, कदमा-सोनारी प्रखंड अध्यक्ष बबुआ झा, टाइगर्स क्लब के अध्यक्ष मनोज भगत, अंकित दुबे, संजीत सिंह, प्रभात ठाकुर, ओमी सिंह, राहुल कुमार सिंह, राजू मलिक, रोहन भगत, अश्विन सिंह, निक्कू सिंह, गोलू चौधरी, विशाल, शुभम, वैभव समेत क्लब के अनेक सदस्य, स्व. आलोक मुन्ना के मित्रगण एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जमशेदपुर टाइगर्स क्लब एवं समस्त मित्रगण के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
