जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात चाकू के बल पर छिनतई का मामला सामने आया है। बागबेड़ा रेलवे स्कूल के सामने तीन युवकों ने 28 वर्षीय गोलगप्पा विक्रेता आकाश कुमार के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर उसकी जेब में रखे रुपये छीनकर फरार हो गए। घटना में आकाश घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, बागबेड़ा निवासी आकाश कुमार बुधवार रात काम खत्म करने के बाद गोलगप्पे का थैला लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे स्कूल के सामने एक युवक ने उसे रोककर समय पूछा। आकाश के रुकने के बाद आरोपी ने उससे रुपये निकालने को कहा। विरोध करने पर युवक ने अपने दो अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया, जबकि दूसरे ने उसका मुंह दबाने का प्रयास किया। इसके बाद बदमाश उसकी जेब में रखे रुपये छीनकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल आकाश किसी तरह बागबेड़ा थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
