जामताड़ा : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह गांव में शनिवार को कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारी बवाल हो गया। आरोप है कि स्थानीय निवासी भूदेव मंडल द्वारा मुस्लिम धर्म को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग गांव में जुट गए। देखते ही देखते करीब दो हजार लोगों के पहुंचने से इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान भीड़ में शामिल उपद्रवियों द्वारा एसडीपीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात एक इंस्पेक्टर का मोबाइल भी भीड़ में छीने जाने की बात सामने आई है।

पहले से चल रहा था विवाद…..
बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में मौलाना अफरोज द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला भी जुड़ा हुआ है। इस कथित टिप्पणी को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में पहले से नाराजगी थी। इसी बीच भूदेव मंडल पर मुस्लिम धर्म के खिलाफ कथित टिप्पणी किए जाने का आरोप लगा, जिसके बाद मामला अचानक तूल पकड़ गया।
मंदिर में तोड़फोड़ की भी सूचना……
विवाद के दौरान गांव स्थित एक मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस-प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
गांव में पुलिस का कैंप……
हालात को देखते हुए एसडीपीओ और डीएसपी समेत तीन थानों की पुलिस थंडारडीह गांव में कैंप कर रही है। पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल थंडारडीह गांव और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



























































