जमशेदपुर : टेल्को बारीनगर स्थित साबरी चौक पर ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सरोकार की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बारीनगर मोहर्रम अखाड़ा कमिटी की ओर से मदरसा के जरूरतमंद बच्चों के बीच नए कपड़ों का वितरण किया गया।


इस अवसर पर मदरसा तन्विरूल इस्लाम में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों के साथ-साथ उन्हें शिक्षा देने वाले धर्मगुरुओं को भी नए वस्त्र उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। नए कपड़े पाकर बच्चों और धर्मगुरुओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई. कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुभम सिन्हा ने कहा कि बारीनगर मोहर्रम अखाड़ा कमिटी के खलीफा सह उप मुखिया आलमताज के नेतृत्व में समाज के कमजोर और जरूरतमंद बच्चों के बीच कपड़े वितरण की यह पहल बेहद सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता मजबूत होती है।
कमिटी की यह पहल विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि पिछले 21 वर्षों से लगातार ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर जरूरतमंद बच्चों के बीच कपड़े वितरित किए जा रहे हैं। आयोजकों ने कहा कि त्योहार की खुशियां केवल अपने तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंदों के साथ साझा करना ही इसकी वास्तविक सार्थकता है. कार्यक्रम को सफल बनाने में आलमताज, मो. शरीफ, आफताब, हारून राशिद, मनोज तिवारी, कारी जियाउल हक, मौलाना अशरफुल हक फैजी, आजाद, अमजद, सैय्यद, जुम्मन, मुखिया छोटा टुडू और हाजी ताहिर हुसैन समेत कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. बारीनगर साबरी चौक पर आयोजित यह कार्यक्रम एक बार फिर यह संदेश दे गया कि त्योहार की असली खुशी वही है, जो जरूरतमंदों के साथ बांटने से बढ़ती है।
