ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ ट्रेलर, दूसरे वाहन को मारी जोरदार टक्कर, केबिन में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया
कोडरमा : कोडरमा घाटी में रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कोडरमा घाटी के मेघातरी कालीमंडा के पास रात करीब 12 बजे हुआ, जहां दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक दुर्घटनाग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

ढलान पर अचानक फेल हुआ ब्रेक, बेकाबू हुआ ट्रेलर…..
जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा के रास्ते बिहार की तरफ जा रहे थे। दोनों वाहन घाटी में एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मेघातरी के पास ढलान पर पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन तेज ढलान के कारण ट्रेलर बेकाबू हो गया और आगे चल रहे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर की आवाज से सहमे लोग, मौके पर जुटी भीड़….
दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने में पुलिस और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती…..
बचाव कार्य के बाद पुलिस ने मृत चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायल दोनों चालकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों चालकों की पहचान के साथ हादसे के पूरे कारणों का पता लगाने में जुटी है।
