जमशेदपुर/घाटशिला : घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन की सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट वाहन बुधवार देर शाम पिपला के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में चालक आशीष शर्मा, सुरक्षाकर्मी रोहित वर्मा, बॉडीगार्ड पोलिश किस्कु और सुरई हेंब्रम शामिल हैं। सभी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, विधायक की सुरक्षा में तैनात स्कॉर्पियो बुधवार शाम पिपला की ओर से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की. चिकित्सकीय जांच के बाद चारों घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। हालांकि, रोहित वर्मा को अन्य तीन सुरक्षाकर्मियों की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक चोट लगने की जानकारी सामने आई है। चालक आशीष शर्मा, पोलिश किस्कु और सुरई हेंब्रम की स्थिति सामान्य बताई गई है।
विधायक ने ली घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी……
हादसे की सूचना मिलने के बाद विधायक सोमेश सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर घायल सुरक्षाकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो के कई कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस……
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद गालूडीह पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अचानक अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि, वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस घटनास्थल की स्थिति, सड़क की परिस्थितियों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
