जमशेदपुर : शहर में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया और बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे बैंक परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बदमाशों के हुलिए, संख्या, हथियार और भागने के रास्ते समेत तमाम बिंदुओं पर पुलिस जानकारी जुटा रही है।

पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है। वारदात में स्थानीय अपराधियों की भूमिका है या किसी संगठित गिरोह ने घटना को अंजाम दिया, इसे लेकर भी जांच जारी है. दिनदहाड़े बैंक में हुई इस लूट की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी है. लूट की वास्तविक रकम और घटना में शामिल अपराधियों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
