जमशेदपुर : शहर के विभिन्न इलाकों में घरों में हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई गई है. इस संबंध में प्रशासन से आग्रह किया गया कि आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। मांग की गई कि शहर के चिन्हित एवं संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इसके अलावा स्कूलों की छुट्टी के समय स्कूलों के आसपास विशेष पुलिस निगरानी रखने की मांग की गई। मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने तथा सार्वजनिक मैदानों एवं अन्य स्थानों पर नशेड़ियों के जमावड़े पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई गई. नागरिकों ने कहा कि चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और शहर की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह, राकेश सिंह, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, अमरेंद्र पासवान, सूरज ओझा, भोला, सुनील लोधी, अमरिंदर, पीयूष ठाकुर एवं नवीन राव समेत अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे. प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
