जमशेदपुर : जितिया पर्व के दिन स्वर्णरेखा नदी में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में दो बच्चियों के नदी में डूबने की घटना के बाद एक बच्ची की तलाश लगातार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता स्वर्णरेखा घाट पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

बन्ना गुप्ता ने शोकाकुल परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ऐसे समय में समाज के हर व्यक्ति को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए. इस दौरान नदी में लापता बच्ची की तलाश में जुटे गोताखोरों से भी पूर्व मंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने गोताखोरों के साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और आर्थिक सहयोग भी किया। उन्होंने कहा कि अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर लोगों की मदद करना साहस और इंसानियत की मिसाल है।
वहीं, हादसे के दौरान एक बच्ची की जान बचाने वाले साहसी युवक का भी बन्ना गुप्ता ने विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने युवक को ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया और उसके साहस की सराहना की. पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत है। इस असहनीय पीड़ा में पूरा समाज परिवार के साथ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
