सरायकेला-खरसावां : जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह पंचायत के आदरडीह गांव में शुक्रवार को आंगनबाड़ी सेविका पद पर चयन को लेकर ग्रामसभा (आमसभा) का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता कुकड़ू के अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी ने की। इस दौरान सेविका पद के लिए आवेदन करने वाली पांच महिला अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत निर्धारित अन्य मानकों के आधार पर अंक निर्धारित किए गए।
प्रारंभिक मूल्यांकन में रेखा कुमारी ने सर्वाधिक 21 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, जयंती महतो 19 अंकों के साथ दूसरे, ऊषा भुइयां 18 अंकों के साथ तीसरे तथा रुनु रानी महतो 17 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं। जबकि विशाखा महतो को सात अंक प्राप्त हुए. इस संबंध में अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी ने बताया कि ग्रामसभा में किए गए मूल्यांकन के आधार पर सभी अभ्यर्थियों की सूची एवं संबंधित दस्तावेज जिला स्तर पर सत्यापन के लिए भेजे जाएंगे। प्रमाणपत्रों की जांच और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम चयन की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामसभा में प्राप्त अंक केवल प्रारंभिक मूल्यांकन का हिस्सा हैं। इसे अंतिम चयन नहीं माना जाएगा। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन और निर्धारित नियमों के अनुरूप प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चयन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. ग्रामसभा में ग्राम प्रधान अभिराम बनर्जी, मुखिया चित्तरंजन सिंह मुंडा, पंचायत समिति सदस्य मंगल सिंह मुंडा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बासुदेव गोप, शिक्षक गुणधर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



