जमशेदपुर : दुर्गा पूजा का पर्व नज़दीक आते ही पूरे इलाके में उत्साह और भक्ति का माहौल छा गया है. इस पावन अवसर पर मेकअप आर्टिस्टों द्वारा माँ दुर्गा के विभिन्न रूपों को दर्शाने का कार्य ज़ोरों पर है. इसी कड़ी में स्थानीय मेकअप आर्टिस्ट बेला भकत (Insta ID–Glambybella10) द्वारा किए गए माँ दुर्गा के श्रृंगार ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
सफ़ेद कांस के फूलों की पृष्ठभूमि में किए गए इस फोटोशूट ने ग्रामीण परिवेश को और भी भव्य बना दिया है. लाल-सफ़ेद पारंपरिक साड़ी, स्वर्णाभूषण और हाथ में त्रिशूल थामे मॉडल जब माँ दुर्गा के रूप में सामने आईं तो ऐसा लगा मानो साक्षात शक्ति का अवतरण हो गया हो. शूटिंग स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई इस अद्भुत नज़ारे को कैमरे में कैद करने लगा।
मेकअप आर्टिस्ट बेला भकत ने कहा दुर्गा पूजा हमारे लिए सिर्फ़ एक त्योहार नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा ऐसा अवसर है जब हम माँ के विभिन्न स्वरूपों को सजीव करने का प्रयास करते हैं. मेरा उद्देश्य है कि पारंपरिक श्रृंगार और प्राकृतिक पृष्ठभूमि के माध्यम से माँ दुर्गा की अद्भुत शक्ति और सौंदर्य को लोगों के सामने लाया जाए।
बेला भकत के इस अनोखे प्रयास ने न केवल श्रद्धालुओं के दिलों को छुआ, बल्कि यह संदेश भी दिया कि कला और परंपरा जब साथ आती हैं, तो उसका प्रभाव लोगों के हृदय पर गहरी छाप छोड़ता है।
