पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 1,314 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 1,192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण के लिए 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें लगभग 3.75 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से हो, इसके लिए पूरे राज्य में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं।

वोटर कार्ड के बिना भी कर सकते हैं मतदान…..
मतदाता यदि वोटर कार्ड भूल गए हैं, तो भी वे मतदान कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने इसके लिए 12 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों की सूची जारी की है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, जॉब कार्ड, बैंक पासबुक, पेंशन दस्तावेज, यूनिक डिसेबिलिटी ID और सरकारी फोटो पहचान पत्र शामिल हैं।
विभिन्न सीटों पर अलग-अलग मतदान समय…….
इस चरण में मतदान का समय सभी सीटों पर समान नहीं है। 13 सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। 3 सीटों (सिमरी, बख्तियारपुर, महिषी) पर वोटिंग सुबह 7 से शाम 4 बजे तक होगी। बाकी 105 सीटों पर मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलेगा। इनमें प्रमुख सीटें तारापुर, समस्तीपुर, मुंगेर, उजियारपुर, वारिसनगर, और जमालपुर शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था : 4.50 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात…..
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए 4.50 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 1,500 कंपनियां केंद्रीय बलों की हैं। इसके अलावा बिहार पुलिस, SSB, और होमगार्ड बलों की ड्यूटी लगाई गई है। डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नेपाल सीमा से सटे जिलों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
दिग्गज नेताओं की सीटों पर भी मतदान……..
पहले चरण में कई दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद होगी। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव की सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके साथ ही, नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों (भाजपा के 11 और जदयू के 5) की सीटों पर भी वोट डाले जा रहे हैं।
