जमशेदपुर : आजसू पार्टी मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के आगामी निकाय चुनाव पूरी मजबूती और रणनीति के साथ लड़ेगी। पार्टी मानगो में मेयर व उपमेयर, वहीं जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी उतारेगी। यह घोषणा आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने की।

आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक जुगसलाई नगर पालिका स्थित पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ राहुल सिंह ने किया।
जनता की समस्याओं को बनाएंगे चुनाव का मुद्दा…..
बैठक को संबोधित करते हुए रामचंद्र सहिस ने कहा कि मानगो और जुगसलाई की जनता आज मूलभूत सुविधाओं की कमी, भ्रष्टाचार और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता से परेशान है। आजसू पार्टी इन स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता को ईमानदार, जवाबदेह और मजबूत नेतृत्व देने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन स्तर पर पूरी तरह तैयार है और जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
जल, सड़क, नाली, बिजली, सफाई व्यवस्था, रोजगार और गरीबों के अधिकार जैसे मुद्दे आजसू पार्टी की प्राथमिकता में रहेंगे।
रामचंद्र सहिस ने दावा किया कि पार्टी को स्थानीय जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले निकाय चुनाव में आजसू पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।
तीसरे मताधिकार से क्षेत्र को मिलेगी मजबूती – कन्हैया सिंह…..
जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि तीसरे मताधिकार का यह अवसर आजसू पार्टी के लिए बेहद अहम है। यदि कार्यकर्ता एकजुटता और ईमानदारी से काम करें, तो यह क्षेत्र को मजबूती देने के साथ-साथ पार्टी को जनता की सशक्त आवाज बनाएगा।
उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल वोट डालने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठाने का माध्यम है। तीसरे मताधिकार के माध्यम से ऐसे प्रतिनिधि चुने जा सकते हैं जो वास्तव में जनता की पीड़ा और जरूरतों को समझते हों।
कन्हैया सिंह ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने और पार्टी की नीतियों व संघर्ष को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास से आजसू पार्टी क्षेत्र में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
बैठक में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद……
बैठक में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, मृत्युंजय सिंह, कृतिवास मंडल, अरूप मल्लिक, मंटू शुक्ला, सचिन प्रसाद, मदन मोहन मिश्रा, आकाश सिन्हा, सौरभ राहुल सिंह, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सरफराज खान, निकू सिंह, सुधीर सिंह, मुन्ना खान, अमित मदने, सुजल कुमार, शिवम् कुमार, रक्तिम कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
